Wednesday, February 5, 2025
Homeदेशकोरोना जैसे चीनी वायरस का भारत में तीसरा मामला - कर्नाटक में...

कोरोना जैसे चीनी वायरस का भारत में तीसरा मामला – कर्नाटक में 8 और 3 महीने के शिशु संक्रमित, राजस्थान से गुजरात पहुंचा 2 महीने का बच्चा पॉजिटिव …..!!!

चीन में फैल रहे कोरोना जैसे वायरस HMPV का तीसरा मामला भारत में सामने आया है। अहमदाबाद में सोमवार को 2 महीने के शिशु में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) का संक्रमण पाया गया। यह बच्चा राजस्थान का है और इलाज के लिए अहमदाबाद लाया गया था। इससे पहले, सोमवार सुबह कर्नाटक में 3 महीने की बच्ची और 8 महीने के बच्चे में भी इस वायरस की पुष्टि हुई थी। दोनों बच्चों की जांच बेंगलुरु के एक अस्पताल में की गई थी।

गुजरात का बच्चा पहले से बीमार था, कर्नाटक में रूटीन जांच के दौरान वायरस की पुष्टि हुई। – अहमदाबाद में 2 महीने के बच्चे को 15 दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्चे को सर्दी और तेज बुखार था, और शुरुआत के 5 दिन उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। बाद की जांचों में वायरस के संक्रमण का पता चला। कर्नाटक के दोनों मामलों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बच्चे रूटीन जांच के लिए अस्पताल आए थे। जांच के दौरान उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। हालांकि, कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों के सैंपल निजी अस्पताल में जांचे गए थे और सरकारी लैब में उनकी पुष्टि नहीं कराई गई।

वायरस के लक्षण कोविड जैसे, छोटे बच्चों पर सबसे ज्यादा असर HMPV वायरस से संक्रमित होने पर मरीजों में सर्दी और कोविड-19 जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर देखा जा रहा है। इनमें 2 साल से कम उम्र के बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

वायरस से जुड़े अपडेट…

  1. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि दो बच्चों में वायरस की पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए मैंने तुरंत स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव से संपर्क किया। सरकार इस वायरस को खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
  2. स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने स्पष्ट किया कि यह कोई नया वायरस नहीं है। HMPV एक सामान्य फ्लू वायरस है, घबराने की आवश्यकता नहीं है। हम इस पर पैनल के साथ बैठक कर रहे हैं और जल्द ही भारत सरकार और ICMR के साथ चर्चा करेंगे।

प्रश्न: HMPV वायरस क्या है?
उत्तर: HMPV एक RNA वायरस है, जो सामान्यतः सर्दी जैसे लक्षण उत्पन्न करता है। इससे खांसी, गले में खराश या घरघराहट हो सकती है। नाक बहने की समस्या भी हो सकती है। ठंड के मौसम में इस वायरस का खतरा अधिक रहता है।

प्रश्न: HMPV वायरस कैसे फैलता है?
उत्तर: HMPV वायरस खांसने और छींकने से फैलता है। यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने, वायरस से संक्रमित किसी वस्तु को छूने से भी यह फैल सकता है। इसके लक्षण संक्रमित होने के बाद 3 से 5 दिनों में दिखने लगते हैं।

प्रश्न: HMPV डिजीज के लक्षण क्या हैं?
उत्तर: इसका सबसे कॉमन लक्षण खांसी और बुखार है। शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य वायरल जैसे ही दिखते हैं, लेकिन वायरस का असर अगर ज्यादा है तो निमोनिया और ब्रोंकाइटिस होने का खतरा भी हो सकता है।

प्रश्न: क्या HMPV कोरोना वायरस जैसा है?
उत्तर: HMPV वायरस (Paramyxoviridae फैमिली) और कोरोना वायरस (Coronaviridae फैमिली) अलग-अलग परिवारों के हैं, लेकिन इनमें कई समानताएं भी हैं।
श्वसन संबंधी बीमारी: दोनों वायरस मुख्य रूप से सांस की नलियों को प्रभावित करते हैं।
संक्रमण का तरीका: दोनों वायरस सांस के जरिए या दूषित सतह के संपर्क में आने से फैलते हैं।
लक्षण: दोनों के लक्षण मिलते-जुलते हैं, जैसे बुखार, खांसी, गले में खराश, घरघराहट और सांस लेने में कठिनाई।
संवेदनशील समूह: बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को इन वायरस से सबसे ज्यादा खतरा होता है।
बचाव: संक्रमण से बचने के लिए हाथों की सफाई, मास्क का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी उपाय हैं।

प्रश्न: क्या यह वायरस कोरोना की तरह वैश्विक रूप से फैल सकता है?
उत्तर: यह वायरस नया नहीं है। पिछले साल चीन में इसके फैलने की खबर आई थी। 2023 में नीदरलैंड, ब्रिटेन, फिनलैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और अमेरिका जैसे देशों में भी इस वायरस के मामले सामने आए थे। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, इस वायरस का पहली बार 2001 में नीदरलैंड में पता चला था, लेकिन यह कम से कम 50 साल पुराना माना जाता है। अब तक इस वायरस का कोई ऐसा रूप सामने नहीं आया है, जो कोरोना की तरह तेज़ी से और व्यापक रूप से फैले।

प्रश्न: क्या इस बीमारी का कोई इलाज या वैक्सीन है?
उत्तर: HMPV वायरस के लिए अब तक कोई एंटीवायरल दवा उपलब्ध नहीं है। हालांकि, यह वायरस अधिकतर लोगों में हल्के लक्षण ही पैदा करता है। इसलिए घर पर रहकर इसके लक्षणों का प्रबंधन किया जा सकता है। गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को ऑक्सीजन थेरेपी, IV ड्रिप और कॉर्टिकॉस्टेरॉइड (स्टेरॉयड का एक प्रकार) दिया जाता है। इस वायरस के लिए फिलहाल कोई वैक्सीन नहीं बनाई गई है। दरअसल, HMPV से अब तक ऐसी कोई स्थिति नहीं बनी है, जिससे वैक्सीन विकसित करने की आवश्यकता महसूस हो।

प्रश्न: क्या WHO ने HMPV को लेकर कोई जानकारी दी है?
उत्तर: नहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अभी तक चीन में फैल रहे HMPV वायरस को लेकर कोई सूचना जारी नहीं की है। हालांकि, चीन के पड़ोसी देशों ने WHO से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी साझा करने का अनुरोध किया है।

प्रश्न: भारत के स्वास्थ्य अधिकारियों ने HMPV को लेकर क्या कहा है?
उत्तर: भारत के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल का कहना है कि देश में इस वायरस को लेकर चिंता की कोई बात नहीं है। भारत में मेटान्यूमोवायरस एक सामान्य श्वसन वायरस है, जिससे सर्दी और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। हालांकि, बुजुर्गों और एक साल से कम उम्र के बच्चों में इसके लक्षण थोड़े अधिक गंभीर हो सकते हैं। इसके बावजूद, यह वायरस किसी गंभीर बीमारी का कारण नहीं बनता। देश के अस्पताल इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments