Homeदेशपीएम मोदी का विपक्ष पर वार: सत्ता को बपौती समझने वालों को...

पीएम मोदी का विपक्ष पर वार: सत्ता को बपौती समझने वालों को जनता ने 10 साल से दूर रखा

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भुवनेश्वर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं, लेकिन जनता ने उन्हें पिछले 10 वर्षों से केंद्र की सत्ता से दूर रखा है। पीएम ने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने और देश को गलत दिशा में ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “विपक्ष की झूठ और अफवाह की दुकान पिछले 50-60 वर्षों से चल रही है, और अब इसे और तेज किया जा रहा है।”

ओडिशा के नतीजों ने सबको चौंकाया

पीएम मोदी ने ओडिशा, महाराष्ट्र, और हरियाणा चुनावों के परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि इन नतीजों ने पूरे देश में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ाया है। उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले बड़े-बड़े पॉलिटिकल एक्सपर्ट ओडिशा में भाजपा को खारिज कर रहे थे। उनका मानना था कि भाजपा वहां अपने दम पर सरकार नहीं बना सकती। लेकिन जब परिणाम आए, तो सभी हैरान रह गए।”

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने दिल्ली से ही ओडिशा के लोगों के साथ जो अपनापन दिखाया, वह हर घर तक पहुंच चुका है। यही कारण है कि ओडिशा के लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया।

‘कुछ लोग सत्ता को जन्मसिद्ध अधिकार मानते हैं’

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति में नीतिगत मतभेद स्वाभाविक हैं और लोकतंत्र में अपनी बात जनता तक पहुंचाने का अधिकार सबको है। लेकिन पिछले कुछ समय से विपक्ष संविधान और लोकतंत्र की मर्यादाओं को नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने कहा, “जो लोग सत्ता को अपना अधिकार समझते थे, वे इसे खोकर अब बौखलाहट में लोकतंत्र और जनता का अपमान कर रहे हैं।”

’50-60 साल से चल रही झूठ और अफवाह की दुकान’

विपक्ष पर हमला तेज करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब से जनता ने भाजपा को आशीर्वाद दिया है, विपक्ष को इससे गुस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता को गुमराह कर रहे हैं। “विपक्ष की झूठ और अफवाह की दुकान पिछले 50-60 साल से चल रही है। जब एक झूठ काम नहीं करता, तो उससे बड़ा झूठ फैलाने की कोशिश करते हैं,” पीएम ने कहा।

‘सिर्फ सत्ता के लिए झूठ बोलते रहे विपक्षी दल’

पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर सत्ता के लिए झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “2019 में जिस चौकीदार को वे चोर कहते थे, 2024 तक आते-आते वे उसे ईमानदार मानने पर मजबूर हो गए। अब वे चौकीदार को चोर कहने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाते। उनका मकसद सिर्फ जनता को गुमराह कर सत्ता हथियाना है।”

जनता पर भरोसा

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता के विश्वास और उनकी सेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की नकारात्मक राजनीति के बावजूद देश की जनता भाजपा के काम और नीतियों पर भरोसा कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments